मथुरा। वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के 25 साल के शिष्य ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। उनके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। कमरे में एक ग्रांइडर मिला है, जिस पर खून लगा था। आशंका है कि शिष्य ने ग्राइंडर से प्राइवेट पार्ट को नुकसान पहुंचाया था। शिष्य का नाम रसिक दुलारी शरण था।
सीओ संदीप सिंह ने कहा- जांच में एक CCTV मिला है, इसमें रसिक दुलारी शरण बिल्डिंग से कूदते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सुसाइड क्यों किया। इसकी जांच की जा रही है। घटना वाराह घाट इलाके के 4 मंजिला गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग की है। बिल्डिंग प्रेमानंद महाराज के ट्रस्ट केली कुंज की है। इसमें प्रेमानंदजी के आश्रम से जुड़े 50 से ज्यादा शिष्य और सेवादार रहते हैं। यह बिल्डिंग प्रेमानंद के पुराने केली गुंज आश्रम से 500 मीटर दूर है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब रसिक दुलारी शरण इसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर गए। कुछ देर वहां बैठे और फिर छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

